Site icon Samagra Bharat News website

असम की नई मंत्रिपरिषद का आज शपथ ग्रहण

समग्र समाचार सेवा
गुवाहाटी, 12 मई: असम की राजनीति में आज एक महत्वपूर्ण दिन है। डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री के रूप में पुनः शपथ ग्रहण करेंगे और उनके साथ 4 अन्य विधायक भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री और कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से घोषणा करते हुए कहा कि भाजपा के रामेश्वर तेली, असम गण परिषद (AGP) के अतुल बोरा, बीपीएफ (BPF) के चरण बोरो और भाजपा की अजंता नेओग उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे।

साथ ही, भाजपा के वरिष्ठ विधायक रंजित दास को असम विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार के रूप में नामित किया गया है।
डॉ. सरमा ने सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा, “एक शक्तिशाली, उन्नत और समृद्ध असम बनाने के लक्ष्य के साथ हम पूरी निष्ठा से मिलकर काम करेंगे।”

खानापारा स्थित समारोह स्थल पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य भर में भाजपा और सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Exit mobile version