Site icon Samagra Bharat News website

नोएडा एयरपोर्ट से हवाई सफर हुआ सस्ता

Oplus_131072

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, १४ मई: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यात्रा अब दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के मुकाबले अधिक किफायती होने जा रही है। एयरपोर्ट रेगुलेटरी अथॉरिटी द्वारा यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) की नई दरें तय किए जाने के बाद यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।

पहले नोएडा एयरपोर्ट प्रबंधन ने घरेलू यात्रियों के लिए यूजर चार्ज में भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था, लेकिन अब अथॉरिटी ने शुल्क को इस तरह निर्धारित किया है कि जेवर एयरपोर्ट से सफर करना यात्रियों के लिए सस्ता साबित हो सके।

नई गाइडलाइंस के अनुसार, 31 मार्च 2027 तक नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले घरेलू यात्रियों को 490 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को 980 रुपये यूजर फीस देनी होगी। वहीं, एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों के लिए घरेलू शुल्क 210 रुपये और अंतरराष्ट्रीय शुल्क 420 रुपये तय किया गया है।

हालांकि, 1 अप्रैल 2027 से इन शुल्कों में मामूली बढ़ोतरी प्रस्तावित है। इसके तहत घरेलू प्रस्थान शुल्क 541 रुपये और अंतरराष्ट्रीय शुल्क 1083 रुपये तक पहुंच सकता है।

एयरलाइंस के लिए भी फायदेमंद बना नोएडा एयरपोर्ट

नोएडा एयरपोर्ट केवल यात्रियों के लिए ही नहीं, बल्कि एयरलाइंस कंपनियों के लिए भी सस्ता विकल्प बनकर उभरा है। इसकी सबसे बड़ी वजह विमान ईंधन (ATF) पर लगने वाला टै्स है।

जहां दिल्ली में ATF पर 25 प्रतिशत वैट लगाया जाता है, वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा एयरपोर्ट के लिए इसे घटाकर सिर्फ 1 प्रतिशत कर दिया है। इससे एयरलाइंस की परिचालन लागत में भारी कमी आएगी और भविष्य में सस्ती उड़ानों का रास्ता खुल सकता है।

टिकट के दामों में भी कटौती

यूजर चार्ज कम होने और संचालन लागत घटने के बाद कई एयरलाइंस ने टिकट की कीमतों में भी कमी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आकासा एयर की नोएडा से बेंगलुरु उड़ान का किराया, जो सोमवार को 8 हजार रुपये से अधिक था, बाद में घटकर करीब 6500 रुपये हो गया।

इसी तरह इंडिगो समेत अन्य एयरलाइंस ने भी विभिन्न शहरों के टिकट दामों में कटौती की है। गौरतलब है कि नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने से पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि यहां से उड़ानें दिल्ली की तुलना में सस्ती होंगी, लेकिन शुरुआती टिकट दरें ज्यादा होने से यात्रियों में निराशा देखी गई थी। अब नए बदलावों के बाद यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version