Site icon Samagra Bharat News website

पीएम मोदी ने असम की मनोहारी गोल्ड टी को वैश्विक मंच पर किया प्रदर्शित

 

समग्र समाचार सेवा

गुवाहाटी 13 जुलाई: गुवाहाटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की प्रसिद्ध और बेहद दुर्लभ मनोहारी गोल्ड टी को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस खास चाय को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को उपहार स्वरूप देकर असम की विरासत और गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने मनोहारी टी एस्टेट में एक रात बिताई थी, जहां यह प्रीमियम चाय तैयार होती है। इस दौरान उन्होंने चाय बागान के श्रमिकों से मुलाकात की और चाय बनाने की अनूठी प्रक्रिया को भी समझा।

मनोहारी गोल्ड टी को विशेष रूप से कोमल चाय की कली से हाथों से चुना जाता है, न कि परिपक्व पत्तियों से। इसी कारण यह चाय बेहद दुर्लभ, सुगंधित और उच्च गुणवत्ता वाली मानी जाती है। मुख्यमंत्री ने इसे दुनिया की सबसे बेहतरीन चायों में से एक बताया और कहा कि यह असम की समृद्ध चाय विरासत और बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कदम असम की संस्कृति और विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के केंद्र सरकार के प्रयासों को दर्शाता है।

 

Exit mobile version