Site icon Samagra Bharat News website

अमित शाह ने राजस्थान में 6,453 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

अमित शाह ने राजस्थान में 6,453 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

समग्र समाचार सेवा

अलवर, 17 अगस्त : केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अलवर से राजस्थान के 17 जिलों में 6,453 करोड़ रुपये की लागत वाली 954 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के विकसित भारत 2047 के सपने की नींव युवाओं, गरीबों, किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर टिकी है। उन्होंने किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 667 करोड़ रुपये का लाभ सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किया। साथ ही, सरस डेयरी के लिए अलवर में तीन लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले नए दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट की आधारशिला भी रखी, जिसे बाद में पांच लाख लीटर तक बढ़ाया जाएगा। शाह ने बताया कि अब सरस डेयरी से जुड़े डेयरी किसानों को 7 दिनों के भीतर दूध का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण परिवारों की आमदनी में वृद्धि होगी।

गृह मंत्री ने भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और राजसमंद में 274 करोड़ रुपये की लागत से बने चार नए सरस डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। इसके अलावा, फलोदी, बालोतरा, डीडवाना-कुचामन और प्रतापगढ़ में चार नए जिला सहकारी बैंकों की शुरुआत की, ताकि किसानों को ब्याज रहित ऋण मिल सके। उन्होंने बताया कि फसल बीमा योजना के तहत भी 152 करोड़ रुपये डीबीटी के जरिए जारी किए गए हैं।

शाह ने कहा कि राजस्थान में वर्तमान में 44,000 सहकारी समितियां हैं और सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव को सहकारिता आंदोलन से जोड़ा जाए। कृषि भंडारण को सशक्त बनाने के लिए नए वेयरहाउस भी तेजी से तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने 2014 के बाद से केंद्र की किसान और पशुपालन योजनाओं—गोकुल मिशन, पीएम-फसल बीमा, पीएम-किसान, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, सहकारिता मंत्रालय, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स—का भी उल्लेख किया।

अमित शाह ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सबसे अधिक अनाज खरीद, साथ ही बाजरा, सरसों, गेहूं, कपास व ज्वार के MSP में ऐतिहासिक बढ़ोतरी भी मोदी सरकार की उपलब्धियां हैं।
समापन में उन्होंने कहा कि ‘सहकार से समृद्धि’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सहकारी क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है और देश के हर गांव तक खुशहाली पहुंचाई जाएगी।

Exit mobile version