समग्र समाचार सेवा
इटावा, 2जुलाई। ‘ न्याय चला, निर्धन के द्वार ‘ की संकल्पना को साकार करने केलिये उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश श्री उमेश चंद्र शर्मा (अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण)के आदेश पर आगामी 10 जुलाई को प्रातः दस बजे से जनपद न्यायालय प्राँगण में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जनमानस को इसकी जानकारी देने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता के माध्यम से अवगत कराते हुए जिला विधिक प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव श्री जसवीर सिंह यादव ने कहा कि जिले की जनता को एक बार फिर यह मौका मिलने जा रहा है कि वह आपसी सुलह समझौते के आधार पर अपने लंबित चले आ रहे मुकदमों का इस एक ही दिन में निपटारा करा सकते हैं। इसलिए मेरी अपील है कि ‘आओ करें राजीबाजी जिससे खत्म हो मुकदमेबाजी’। इसमें राष्ट , समाज और न्यायपालिका सभी का लाभ होगा। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई 2021 को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में पारिवारिक वाद, आपराधिक वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, राजस्व चकबंदी, बैंक मामले, धारा 138 एन आई एक्ट, सर्विस के मामले, श्रमिक वाद, भरण पोषण वाद आदि के मामले निस्तारित किये जाएंगे। इसके लिये विभिन्न विभागों , अधिवक्ताओं केसाथ प्री ट्रायल बैठकें भी की जा रही हैं तथा वादकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने अनुमान जताया कि इस लोक अदालत में आठ से दस हज़ार मुकदमों का निपटारा किया जा सकेगा।
उन्होंने जिले के जागरूक नागरिकों से भी आग्रह किया है कि वे इसे राष्ट्रीय अभियान मानते हुए लोगों को इस निःशुल्क न्याय प्रक्रिया के बारे में बताकर उन्हें आपसी सुलह समझौते के आधार पर अपने मुकदमों से निपटारे केलिये प्रेरित करें।
दस जुलाई को लगेगी इटावा में राष्ट्रीय लोक अदालत
Related Posts
Add A Comment
© 2026 Samagra Bharat News website. All Rights Reserved.
