समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 13अगस्त। चार धाम देवस्थानम बोर्ड भंग करने की मांग को लेकर चार धाम में तीर्थ पुरोहितों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। देवस्थानम बोर्ड को भंग करने के लिए केदारनाथ के तीर्थपुरोहित संतोष त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खून से लिखा पत्र भेजा। तीर्थ पुरोहितों के हितों की रक्षा के लिए शीघ्र देवस्थानम बोर्ड भंग करने की मांग की।
देवस्थानम बोर्ड को लेकर विरोध अभी भी जारी है। देवस्थानम बोर्ड के विरोध और बोर्ड को भंग करने के लिए गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में तीर्थ पुरोहित आंदोलन कर रहे हैं। गौरतलब है कि देवस्थानम बोर्ड का गठन होने के बाद से गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ धाम के तीर्थ पुरोहित बोर्ड के विरोध में है। तीर्थ पुरोहित कई बार मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्रियों से मुलाकात करके बोर्ड को भंग करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन बोर्ड भंग होने के बजाए बोर्ड का विस्तारीकरण किया जा रहा है। बता दें कि दो साल पहले तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में देव स्थानम बोर्ड का गठन किया गया था। बोर्ड में उत्तराखण्ड के चार धाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित 51 मंदिर शामिल किए गए थे। केदारनाथ में प्रधानमंत्री को तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी ने खून से लिखा हुआ पत्र भेजकर चार धाम देवस्थानम बोर्ड को शीघ्र भंग करने की मांग की। बताते चलें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक हाई पावर कमेटी को बनाकर इसके समाधान करने की बात कही है। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव दीपक सेमवाल का कहना है कि यदि जल्द हाई पावर कमेटी 15 अगस्त तक मांगों पर कार्रवाई नहीं करती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Related Posts
Add A Comment
© 2026 Samagra Bharat News website. All Rights Reserved.
