समग्र समाचार सेवा
उत्तराखंड, 21मार्च।
राज्य में आयुष्मान भारत एवं अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना के निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा अब न्याय पंचायत स्तर पर शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाये जायेंगे।
इस अभियान को सफल बनाने के लिये आज राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अध्यक्ष, श्री डी०के0 कोटिया ने राज्य के 600 ग्राम प्रधानों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित किया। श्री कोटिया ने प्रधानों से कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाये जाने में प्रधानों की विशेष भूमिका है इसलिए न्याय पंचायत क्षेत्र में सभी पात्र लाभार्थियों के कार्ड बन जाये और कोई भी बिना कार्ड के न रहे।
श्री कोटिया ने कार्ड बनाने के अभियान को आम जन के स्वास्थ्य देखभाल के लिये किया जाने वाला एक पुण्य कार्य बताया और प्रधानों से अपील की कि कार्ड बनवा कर आप लोक कल्याण का कार्य कर रहे हैं।
ज्ञातव्य है कि आयुष्मान कार्ड के लिये अभी तक 30 रूपये का शुल्क लिया जा रहा था लेकिन भारत सरकार एवं उत्तराखण्ड सरकार द्वारा निःशुल्क कार्ड बनाये जाने के निर्णय उपरान्त राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा न्याय पंचायत स्तर पर जन सेवा केन्द्रों के माध्यम से शिविर आयोजित कर सभी के कार्ड बनाये जाने के लिये विशेष रणनीति अमल में लायी जा रही है। अभी तक 30 रूपये शुल्क देकर 43 लाख कार्ड बन गये हैं और लगभग 35 लाख कार्ड बनाये जाने शेष हैं।
श्री डी0के0 कोटिया ने बताया कि यह शिविर राज्य के 662 न्याय पंचायतों में दो चरणों कमशः 23-27 मार्च 2021 तथा 30 मार्च-5 अप्रैल 2021 के दौरान लगाये जायेगे। कार्ड बनाये जाने के लिये पंचायती राज तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारियों द्वारा सहयोग किया जायेगा और उनके स्तर से आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के लिये पात्र लाभार्थियों को प्रेरित भी किया जायेगा।
वीडियो कॉन्फ्रेन्स के दौरान जानकारी दी गयी कि आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के दौरान उत्तराखण्ड के प्रत्येक विकास खण्ड के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली प्रथम तीन ग्राम पंचायतों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया जायेगा और पूरे जिले के अंतर्गत सबसे उत्तम कार्य करने वाले ग्राम पंचायत को राज्य स्तर पर मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा विशेष सम्मान व पुरस्कार दिया जायेगा।
इस अवसर पर पंचायती राज विभाग के निदेशक एवं पंचायती राज सचिव श्री हरीश चन्द्र सेमवाल ने निःशुल्क कार्ड बनाये जाने के अभियान को एक स्वर्णिम अवसर बताया और कहा कि सरकार द्वारा जनता के घर पर जाकर कार्ड बनाने के लिये चलाया जा रहा अभियान एक महत्वपूर्ण पहल है। श्री सेमवाल ने पंचायती राज विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के समस्त कर्मचारियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित जन सेवा केन्द्रों पर लाभार्थियों के शत् प्रशित कार्ड बनवाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
विदित है कि राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा उन सभी लोगों की सूची जन सेवा केन्द्रों को उपलब्ध करा दी गयी है जिनके कार्ड बन गये हैं और इस सूची के आधार पर छूटे हुए लोगो के कार्ड बनाये जाने का विवरण ग्राम प्रधानों को उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि उन्हें चिन्हित करते हुए कार्ड बनाये जा सके।
वीडिया कॉन्फ्रेन्स के दौरान राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण की निदेशक डॉ० अर्चना श्रीवास्तव, राज्य आई०ई०सी0 अधिकारी श्री जे०सी0 पाण्डेय, महिला एवं बाल विकास विभाग राज्य अधिकारी श्री मोहित चौधरी, पंचायती राज निदेशालय के अधिकारी गण एवं जनसेवा केन्द्र के राज्य परियोजना प्रबंधक श्री संदीप शर्मा एवं परियोजना प्रबंधक श्री पवन गैरोला उपस्थित थे।
उत्तराखंड: राज्य में न्याय पंचायत स्तर पर शिविर में मुफ्त बनेंगे आयुष्मान कार्ड
Related Posts
Add A Comment
About us
समग्र भारत.!!!एक नाम है विचार का ,समाचार का ,आन्दोलन का ,समग्रता का ,समग्रता में अनेकता का,वैश्विक भारत का और हमारी राष्ट्र भाषा –राज भाषा हिंदी को विश्व पटल पर स्थापित करने का.सबको पता है कि हिंदी की आजीवन वकालत हमारे भारत के उपराष्ट्रपति श्री भैरों सिंह शेखावत ने की थी.उनके ही परिकल्पना के अनुसार और उनके आशीर्वाद से हमारी टीम ने “समग्र भारत” का प्रकाशन वर्ष २००३ में शुरू किया गया था.जो आज भी कई प्रकार के संघर्षों के वावजूद अनवरत जारी है.
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 Samagra Bharat News website. All Rights Reserved.
