समग्र समाचार सेवा
बलिया, 8जुलाई। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) से बढ़ती अनबन की खबरों के बीच कहा कि उन्हें अखिलेश यादव की तरफ से ‘तलाक’ मिलने का इंतजार है और वह सपा से गठबंधन तोड़ने को लेकर अपने स्तर से पहल नहीं करेंगे।
माना जा रहा है कि ओमप्रकाश राजभर मऊ में कर रहे आज आपातकालीन बैठक में बड़ा फैसला ले सकते हैं।
बता दें कि यूपी में उपचुनाव और उससे पहले एमएलसी चुनाव में हार के बाद समाजवादी पार्टी और सुभासपा के गठबंधन में दरार नजर आने लगी है। उपचुनाव में हार के बाद अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर ने खुले तौर पर जुबानी हमले किए। जिसके बाद ओपी राजभर को गुरुवार को गठबंधन के विधायको दलों की बैठक में नहीं बुलाया गया। अब मिली जानकारी के अनुसार ओपी राजभर ने भी अपनी पार्टी की आपात बैठक मऊ में बुलाई है।
दरअसल, पहले एमएलसी चुनाव और फिर उपचुनाव में हार के बाद से ही ओपी राजभर अखिलेश यादव पर लगातार जुबानी हमले कर रहे थे। उन्होंने सपा प्रमुख को एसी से बाहर जनता के बीच सड़क पर आने की नसीहत तक दे डाली। जिसके बाद अखिलेश यादव ने कहा कि सपा को किसी के नसीहत की जरूरत नहीं है।
बता दे कि बात यहीं खत्म नहीं हुई, ओपी राजभर ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भी 5 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। अब गुरुवार को जब अखिलेश यादव ने गठबंधन दल के विधायकों की बैठक बुलाई तो उन्होंने जयंत चौधरी को तो बुलाया, लेकिन उन्होंने ओपी राजभर को नहीं बुलाया।
गुरुवार को अखिलेश यादव के इस फैसले के बाद अब सुभासपा प्रमुख ने भी एक बड़ा फैसला किया है। उन्होंने मऊ में अपने पार्टी पदाधिकारियों की एक आपात बैठक बुलाई है. माना जा रहा है कि इस बैठक में गठबंधन से जुड़े निर्णयों पर चर्चा होगी।
