Site icon Samagra Bharat News website

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, बस का टायर बदलते समय ट्रक ने मारी टक्कर; 4 की मौत

समग्र समाचार सेवा
बाराबंकी, 3सितंबर। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में आज सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. जिनका इलाज बाराबंकी जिला अस्पताल में चल रहा है. छह लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक यह हादसा उस वक्त हुआ जब यह डबल डेकर बस रास्ते में पंक्चर हो गई और ड्राइवर इसका टायर बदलने लगा. उसी समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. यात्रियों के मुताबिक बस में करीब 150 यात्री सवार थे. सभी नेपाल के रहने वाले हैं और गोवा मजदूरी के लिए जा रहे थे.

यह हादसा बाराबंकी में रामनगर थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव के पास सुबह तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ. दरअसल डबल डेकर बस जनपद बहराइच के रुपैडीहा से गोवा के लिए जा रही थी, मध्यरात्रि यब बस रास्ते में महंगूपुर गांव के पास पंक्चर हो गई. बस का ड्राइवर रोड किनारे बस का टायर बदलने लगा. तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के जानकारी मिलते ही आनन फानन में रामनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

घायल यात्रियों के मुताबिक वह सभी मजदूर हैं और काम के सिलसिले में नेपाल से गोवा जा रहे थे. यात्रियों के मुताबिक सुबह साढ़े तीन बजे के आसपास जब यह हादसा हुआ, उस समय भी सभी लोग सो रहे थे. वहीं जिला अस्पताल के डाक्टर अमित कुमार पांडेय ने बताया कि छह गंभीर घायलों को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है. वहीं एएसपी पूर्णेंदु सिंह के मुताबिक हादसे में चार लोगों की मौत हुई है. छह को रेफर किया गया है, जबकि बाकी यात्रियों का यहीं इलाज किया जा रहा है.

Exit mobile version