Site icon Samagra Bharat News website

नहीं रहे ‘चक दे!’ एक्टर रियो कपाड़िया, कई फिल्मों में निभाई है दमदार भूमिका

समग्र समाचार सेवा
मुंबई ,15सिंतबर। दिग्गज अभिनेता रियो कपाड़िया नहीं रहे. 66 की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. गुरुवार को इस दुखद खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर है. उनके दोस्त फैसल मलिक ने उनकी मौत की खबर की पुष्टि की. अभिनेता को पिछले साल कैंसर का पता चला था. उनका अंतिम संस्कार 15 सितंबर को गोरेगांव के शिवधाम शमशान भूमि में होगा. अभिनेता के परिवार में उनकी पत्नी मारिया फराह, बच्चे अमन और वीर हैं. रियो ‘खुदा हाफिज’, ‘द बिग बुल’, ‘एजेंट विनोद’ और अन्य सहित कई फिल्मों का हिस्सा रहे हैं.

उन्हें हाल ही में ‘मेड इन हेवन 2’ के एक एपिसोड में देखा गया था. फिल्मों के अलावा, अभिनेता टेलीविजन पर भी एक प्रमुख चेहरा थे जहां उन्होंने ‘सपने सुहाने लड़कपन के’ और सिद्धार्थ तिवारी की ‘महाभारत’ जैसे शो में अभिनय किया.

स्केच आर्टिस्ट भी थे:
एक बेहतरीन अभिनेता होने के अलावा, रियो कपाड़िया एक स्केच आर्टिस्ट भी थे. वह अपने काम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते थे.

उन्होंने दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन और जया बच्चन, ऋषि कपूर, श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित सहित अन्य लोगों के स्केच बनाए.

अभिनेता की आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट इस साल 5 जून को थी जिसमें उन्होंने अपने परिवार और दोस्तों के साथ यूरोप की छुट्टियों की फोटोज़ शेयर की थीं.

Exit mobile version