समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 21जून। सीनियर एक्टर अनुपम खेर के मुंबई स्थित वीरा देसाई रोड वाले ऑफिस में चोरों ने घुसकर तोड़फोड़ के बाद चोरी की है. बॉलीवुड एक्टर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खुद इस घटना की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि 19 जून को उनके ऑफिस में चोरों ने सेंध लगाई है.
अभिनेता अनुपम खेर ने एक्स पर लिखा, ‘कल रात मेरे वीरा देसाई रोड वाले ऑफिस में दो चोरों ने दो दरवाजों को तोड़ा और अकाउंटस डिपार्टमेंट से पूरा सेफ (जो शायद वो तोड़ नहीं पाये) और हमारी कंपनी द्वारा निर्मित एक फिल्म के निगेटिव जो एक बॉक्स में थे, चुराकर ले गए.’
अनुपम खेर ने वीडियो किया शेयर
उन्होंने आगे लिखा, ‘हमारे ऑफिस ने एफआईआर दर्ज करवा दिया है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द चोर पकड़े जाएंगे. क्योंकि सीसीटीवी कैमरे में दोनों सामान के साथ ऑटो में बैठते दिखाई दिये हैं. भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे. ये वीडियो मेरे ऑफिस वालों ने पुलिस के आने से पहले बनाया था.’
मुंबई पुलिस जांच में जुटी
इस घटना को लेकर मुंबई पुलिस ने कहा कि अंधेरी वीरा देसाई इलाके में स्थित अभिनेता अनुपम खेर के कार्यालय में चोरी हुई है. दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनके कार्यालय में सेंध लगाई. कार्यालय से फिल्म के ‘निगेटिव’ और 4.15 लाख रुपये नकदी की चोरी हुई है.
सीसीटीवी में कैद हुए चोर
उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9.45 बजे इस बात का पता चला, जब कार्यालय के कर्मचारी पहुंचे और उन्होंने ताले टूटे हुए पाए. इमारत के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में दोनों को ऑटो रिक्शा में जाते हुए देखा जा सकता है. मुंबई की अंबोली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच जारी है.
कल रात मेरे वीरा देसाई रोड वाले ऑफ़िस में दो चोरों ने मेरे ऑफ़िस के दो दरवाज़ों को तोड़ा और अकाउंटस डिपार्टमेंट से पूरा सेफ़ (जो शायद वो तोड़ नहीं पाये) और हमारी कंपनी द्वारा निर्मित एक फ़िल्म के नेगेटिव जो एक बॉक्स में थे, चुराकर ले गए।हमारे ऑफिस ने FIR करवा दिया है।और पुलिस ने… pic.twitter.com/aqmjfOINEM
— Anupam Kher (@AnupamPKher) June 20, 2024
